सागर जिले के देवरी क्षेत्र से एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां झूला झूलते समय एक 13 वर्षीय बालक की जान चली गई। घटना झुन्नकू वार्ड की है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, झुन्नकू वार्ड निवासी 13 वर्षीय देवांश उर्फ देव यादव रविवार को अपने घर के पास पीपल के पेड़ की डाल पर रस्सी बांधकर झूला झूल रहा था। इसी दौरान अचानक रस्सी उसके गले में फंस गई। फंदा लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
परिजन जब तक कुछ समझ पाते, हालत गंभीर हो चुकी थी। तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि देवांश के पिता का कुछ साल पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी मां का इकलौता सहारा था। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES