सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली इंजन ऑयल बेचने और उसका भंडारण करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए का माल जब्त किया है। जांच में सामने आया कि उत्पादों पर अंकित वेबसाइट, कस्टमर केयर नंबर और पैकेजिंग संबंधी कई जानकारियां फर्जी थीं, जिससे उपभोक्ताओं को भ्रमित कर असली उत्पाद के नाम पर नकली सामान बेचा जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, इंजन ऑयल निर्माता कंपनी के अधिकृत असिस्टेंट मैनेजर अजय कुमार पुंडीर ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि सिविल लाइन स्थित ड्रिलटेक इंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान पर कंपनी के उत्पादों की हूबहू नकल कर नकली इंजन ऑयल का विक्रय और भंडारण किया जा रहा है। इससे कंपनी की साख को नुकसान पहुंचने के साथ आर्थिक क्षति भी हो रही थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने कंपनी के विशेषज्ञों के साथ संयुक्त टीम बनाकर बुधवार को दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में मौजूद निशांत तिवारी ने दुकान को अपने नाम से पंजीकृत होना बताया। इसके बाद विशेषज्ञों ने दुकान में रखे ब्रांडेड इंजन ऑयल के ड्रम और पैकेजिंग की बारीकी से जांच की।
जांच में कई चौंकाने वाली गड़बड़ियां सामने आईं। उत्पादों पर अंकित कंपनी की वेबसाइट और कस्टमर केयर नंबर गलत पाए गए। वहीं पैकेजिंग पर कई अंग्रेजी शब्दों की स्पेलिंग भी त्रुटिपूर्ण मिली। विशेषज्ञों ने बताया कि बाहरी पैकिंग और डिजाइन मूल उत्पाद से काफी हद तक मिलती-जुलती थी, जिससे आम ग्राहक आसानी से धोखा खा सकता था।
पुलिस का मानना है कि नकली उत्पादों को इस तरह तैयार किया गया था कि पहली नजर में वे असली प्रतीत हों। इससे न केवल ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की आशंका थी बल्कि वाहनों के इंजन को भी नुकसान पहुंच सकता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह भरे हुए तथा तीन खाली ऑयल ड्रम जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 8 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम एवं ट्रेडमार्क अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली इंजन ऑयल कहां तैयार किया जा रहा था और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES