देवरी। गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरिया में बीती रात आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां दो ममेरे भाइयों के बीच हुई बहस के बाद एक युवक पर सब्बल से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से 28 वर्षीय राहुल अहिरवार की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अशोक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बहेरिया निवासी अशोक अहिरवार का अपने ममेरे भाई राहुल अहिरवार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच बहस बढ़ने के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान अशोक ने राहुल पर सब्बल से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण राहुल की मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सुबह मृतक के पिता ने गौरझामर थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया।
देवरी एसडीओपी अरुण संध्या उईके ने बताया कि ग्राम बहेरिया में अशोक अहिरवार द्वारा अपने ममेरे भाई राहुल अहिरवार पर सब्बल से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच बहस के बाद विवाद होने की बात सामने आई है। हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES