सागर। एक तरफ बंडा शराब कांड ने पूरे जिले को झकझोर दिया है, वहीं दूसरी ओर शहर के संवेदनशील इलाके में संचालित एक रेस्टोरेंट में कथित शराब और अन्य संदिग्ध गतिविधियों को लेकर अब सवाल खड़े हो गए हैं। यह रेस्टोरेंट कलेक्टर कार्यालय के पास और सागर क्लब के पीछे, कैंट थाना क्षेत्र में संचालित होने की बात सामने आई है।

शिवसेना के राज्य संगठक मनी सिंह गुरोन ने आरोप लगाया है कि उक्त रेस्टोरेंट में देर रात तक बड़े लोगों की आवाजाही रहती है और वहां शराब परोसे जाने सहित अन्य संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें हैं। गुरोन का सवाल है कि यदि सब कुछ नियमों के मुताबिक है तो प्रशासन द्वारा इसकी जांच कराने में आखिर परेशानी क्या है?

*भाई को नशे की हालत में मिला, पुलिस की मदद से पहुंचाया घर*

मनी सिंह गुरोन के अनुसार, उनके भाई डॉ. अमनदीप सिंह चावला, जो नमक मंडी स्थित भार्गव क्लीनिक से जुड़े हैं, उन्हें उक्त स्थान पर अस्वस्थ अवस्था में मिले। गुरोन का कहना है कि उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम और परिचितों की मदद से उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया।

गुरोन ने इस घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए कहा कि जब शहर में शराब से जुड़ी घटनाओं को लेकर प्रशासन पहले से अलर्ट है, तब ऐसे स्थानों पर निगरानी और जांच बेहद जरूरी है।

*“बोलोगे तो छोड़ेंगे नहीं” — धमकी का भी आरोप*

मनी सिंह गुरोन ने दावा किया है कि इस मामले को लेकर उन्हें अर्जुन नामक व्यक्ति के माध्यम से धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि मामले में ज्यादा बोलने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।

गुरोन ने पुलिस से मांग की है कि कथित धमकी की शिकायत को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच की जाए।

*बंडा कांड के बाद सवाल सागर शहर में भी कहीं देर न हो जाए*

मनी सिंह गुरोन ने कहा कि बंडा में संदिग्ध जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन को अब किसी भी संभावित खतरे को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उनका कहना है कि अवैध शराब, बिना अनुमति शराब परोसने और उससे जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई जरूरी है।

उन्होंने सागर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि संबंधित रेस्टोरेंट की शराब लाइसेंस, शराब परोसने की अनुमति, संचालन की समय-सीमा, सीसीटीवी रिकॉर्ड और अन्य वैधानिक व्यवस्थाओं की जांच कराई जाए।

गुरोन ने कहा कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए।

मनी सिंह गुरोन ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत किए जाने की बात कहते हुए प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कथित अवैध गतिविधियों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES