छतरपुर/बक्सवाहा। ब्यूरो रिपोर्ट पंकज पाठक
बक्सवाहा में संचालित तीन कन्या छात्रावासों की व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीनों छात्रावास अलग-अलग स्थानों पर हैं और इनके बीच करीब 15 किलोमीटर की दूरी है, लेकिन तीनों की निगरानी और प्रबंधन की जिम्मेदारी एक ही अधीक्षिका सुषमा सिंह के पास है। ऐसे में रात के समय छात्राओं की सुरक्षा और आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ रही है।
जानकारी के अनुसार बक्सवाहा में शासकीय उत्कृष्ट कन्या छात्रावास, शासकीय जूनियर कन्या छात्रावास और करीब 15 किलोमीटर दूर बम्हौरी का कन्या आश्रम छात्रावास संचालित है। इन छात्रावासों की निगरानी एक ही अधीक्षिका द्वारा किए जाने की बात सामने आई है।
रात में अधीक्षिका की मौजूदगी को लेकर सवाल
स्थानीय स्तर पर शिकायत सामने आई है कि अधीक्षिका को रात के समय छात्रावास में मौजूद रहने के बजाय अपने निजी आवास पर रहने की बात कही जा रही है। यदि रात में किसी छात्रा की तबीयत बिगड़ती है या कोई आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होती है, तो तत्काल सहायता और जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल बन गया है।
25 साल से एक ही स्थान पर पदस्थापना का भी मुद्दा
मामले में अधीक्षिका सुपमा सिंह की करीब 25 वर्षों से बक्सवाहा में पदस्थापना भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग भोपाल द्वारा 30 सितंबर 2026 को जारी आदेश में छात्रावास, आश्रम शाला और आवासीय विद्यालयों में अधीक्षक-अधीक्षिकाओं की पदस्थापना को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
आदेश में सामान्य कार्यकाल और विशेष परिस्थितियों में अधिकतम कार्यकाल के साथ-साथ लंबे समय से एक ही संस्था में पदस्थ अधिकारियों के स्थानांतरण की व्यवस्था का उल्लेख है। ऐसे में यदि संबंधित अधीक्षिका की पदस्थापना वास्तव में करीब 25 वर्षों से एक ही स्थान पर है, तो विभागीय स्तर पर इसकी समीक्षा किए जाने की मांग उठ रही है।
औचक निरीक्षण से सामने आ सकती है वास्तविक स्थिति
स्थानीय शिकायतों के बीच अब रात्रिकालीन औचक निरीक्षण की मांग भी उठ रही है। तीनों छात्रावासों की करीब 15 किलोमीटर की दूरी और रात में अधीक्षिका की मौजूदगी को लेकर यदि विभागीय अधिकारी औचक निरीक्षण करते हैं, तो छात्रावासों की वास्तविक व्यवस्थाओं और छात्राओं की सुरक्षा की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES