सागर। जहरीली शराबकांड की जांच के बीच मुख्य आरोपी बताए जा रहे मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर के बैंक खाते को लेकर बड़ा सवाल सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जिस खाते का इस्तेमाल शराब कारोबार से जुड़े लेनदेन में किया जा रहा था, वह किसान गोल्ड कार्ड खाता है, जिसकी लिमिट महज 8.50 लाख रुपए बताई गई है। इसके बावजूद मार्च से सितंबर के बीच खाते से करीब 2 करोड़ रुपए का लेनदेन सामने आया है। खाते के स्टेटमेंट में खेती से जुड़ा प्रमुख खर्च महज 4,082 रुपए की फसल बीमा कटौती दिखाई देती है। वहीं, इसके विपरीत आबकारी विभाग, शराब कारोबार और शराबकांड से जुड़े अन्य लोगों से संबंधित बड़ी रकम के लेनदेन दर्ज होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 4 सितंबर को सरकारी पेमेंट गेटवे से 25.31 लाख रुपए खाते में आए, जिसके बाद बड़ी रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर हुई। वहीं एफआईआर दर्ज होने के बाद भी खाते से लेनदेन जारी रहने और बाद में सेल्फ चेक के जरिए करीब 7.95 लाख रुपए निकाले जाने को लेकर भी सवाल उठे हैं।
मामले में सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा है कि खाते से हुए इस तरह के लेनदेन की तस्दीक कराई जाएगी कि ऐसा कैसे हुआ। अब जांच का अहम सवाल यह है कि किसान गोल्ड खाते की निर्धारित लिमिट के बावजूद करोड़ों का लेनदेन कैसे हुआ और इन रकमों का वास्तविक इस्तेमाल किन कारोबारों में किया गया?


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें