सागर के मकरोनिया थानाक्षेत्र में युवती के सुसाइड मामले में पुलिस ने उसकी फ्रेंड के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया है। मृतका से सहेली ने शादी के लिए गहने और रुपए लिए थे। इसके बाद वह लौटा नहीं रही थी। वापस मांगने पर मृतका के साथ अभद्रता करती थी। इसी से परेशान होकर युवती ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड किया था। मामले में पुलिस जांच कर रही है।


पुलिस के अनुसार 5 नवंबर को अनीता पुत्री रामभरोस पंद्राम उम्र 30 साल निवासी हिरनचापड़ा होशंगाबाद हाल मुकाम अवतार नगर मकरोनिया ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान कमरे से सुसाइड नोट जब्त हुआ। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच में लिया। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतका अनीता के परिवार वालों के बयान लिए।


साथ पढ़ी और साथ में नौकरी करती थी आरोपी सहेली
बयानों में मृतका के भाई, माता-पिता ने बताया कि मृतिका अनीता वर्ष 2008 में सागर यूनिवर्सिटी हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर में पढने के लिए सागर आई थी। पढाई पूरी होने के बाद से वह निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर पदस्थ थी। अनीता की सहेली प्रियंका बामने निवासी अमराई थी, जो कक्षा 9वीं से अनीता के साथ में ही पढ़ी है। सागर में एक ही कमरे में साथ में रहती थी और दोनों एक ही कंपनी में नौकरी करती थी। दोनों आपस में अच्छी फ्रेंड थी। इसी बीच प्रियंका बामने ने अनीता से अपनी शादी के लिए कुछ जेवर और नगद रुपए लिए थे, जो बाद में लौटाने का बोला था।


प्रियंका की वर्ष 2021 में शादी होने के बाद वह अपने पति के साथ दिल्ली में रहने लगी। अनीता ने प्रियंका से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने लौटाए नहीं। फोन उठाना बंद कर दिया। जब भी अनीता पैसे मांगती थी तो वह झगड़ा कर अभद्रता करती थी। मृतका अनीता ने घर वालों को यह बात बताई थी। उसे प्रियंका से करीब 5 लाख रुपए लेना थे। सहेली प्रियंका से मृतका परेशान हो गई थी। इसी के कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।


मामले में पुलिस ने मौके से जब्त हुए सुसाइड नोट और डायरी की जांच की। सुसाइड नोट में भी मृतका ने प्रियंका से पैसे लेने की बात लिखी और लिखा था कि मुझे मरने के लिए मजबूर प्रियंका ने किया है। जांच में मिले साक्ष्य और बयानों के आधार पर पुलिस ने फ्रेंड प्रियंका बामने के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 306 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। मकरोनिया थाना प्रभारी एमके जगेत ने बताया कि मर्ग जांच के दौरान मिले साक्ष्य और बयानों के आधार पर मृतका की सहेली प्रियंका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है। जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।



Post a Comment

और नया पुराने
NEWS WEB SERVICES