कांग्रेस पार्षद की हुई मौत, कांग्रेस प्रत्याशी बोले भाजपाइयों ने कुचला है।
छतरपुर। राजनगर में कांग्रेस पार्षद की मौत हो गई। राजनगर कांग्रेस प्रत्याशी और विधायक विक्रम सिंह नाती राजा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हत्या का आरोप लगाया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

विधायक विक्रम सिंह नाती राजा ने बताया, वे खुद ने प्रत्यक्षदर्शी हैं। अकोना गांव में शुक्रवार अलसुबह 4 बजे भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद बढ़ गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सलमान को कार से कुचलकर मार डाला। उनके ऊपर भी गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।

थाने में फरियाद लेकर पहुंचे विधायक पूरा वाकया बताते हुए रोने लगे। खजुराहो नगरपालिका के वार्ड 6 के पार्षद सलमान खान की मौत हुई है। जिसके बाद से कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। खजुराहो थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई करेंगे। भाजपा कार्यकर्ता माहौल बिगाड़ रहे

विधायक विक्रम सिंह ने रोते हुए बताया, हमें जानकारी मिली थी कि टोरिया वाले रास्ते पर भाजपा कार्यकर्ता माहौल बिगाड़ की कोशिश कर रहे हैं। इस पर हम वहां पहुंचे। मेरी गाड़ी पार्षद सलमान ड्राइव कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमें देखते ही गाली गलौज शुरू कर दी। हम गाड़ी से नीचे उतरे। लेकिन मैं कुछ देर बाद गाड़ी में बैठ गया। सलमान नीचे ही थे, तभी भाजपाइयों ने उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। मैं मदद के लिए उतरा तो मेरे ऊपर भी गाड़ी चढ़ाकर मारने की कोशिश की।

भाजपा प्रत्याशी बोले- ये गंदी राजनीति है

राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया ने वीडियो जारी कर कहा- विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंहद्वारा मुझ पर आरोप लगाया गया है कि मेरी गाड़ी से कुचलकर किसी व्यक्ति की हत्या की गई है। विधायक द्वारा गंदी और मौत पर राजनीति की जा रही है। यह बहुत ही निंदनीय है। जनता जानती है कि ये झूठ की राजनीति करते हैं। ये तो भगवान से भी झूठ बोलने से नहीं डरते हैं। यह मुझे बदनाम करने की साजिश है। मेरी प्रशासन से मांग है कि इसकी न्यायिक जांच हो, जो भी दोषी हो उस पर सख्त कार्रवाई हो।

इन लोगों ने कल पूरे दिन उपद्रव मचाया। रात में गोरा, नयागांव और बमीठा में हमारे कार्यकर्ताओं के साथ तमंचे के दम पर बदसलूकी की। एसडीओपी और टीआई को इसे लेकर शिकायत की है। ये नशे में थे, इनकी गाड़ियां टकरा गईं और एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसका दोषी ये मुझे ठहरा रहे हैं। यदि मैं जिम्मेदार हूं तो मुझ पर कार्रवाई हो।

Post a Comment

और नया पुराने
NEWS WEB SERVICES