सागर
मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्माश्री इलाके में मंगलवार रात दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद एक बुजुर्ग की मौत का कारण बन गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में 60 वर्षीय पुरुषोत्तम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम यादव निवासी धर्माश्री रोड और उनके पड़ोस में रहने वाले नरेंद्र यादव एवं सुरेंद्र यादव के परिवारों के बीच घर के सामने नाली और कचरा फेंकने को लेकर विवाद हुआ था। पहले दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई, इसके बाद विवाद हिंसक रूप में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान पुरुषोत्तम यादव के साथ लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। गंभीर रूप से घायल पुरुषोत्तम यादव को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर फैलते ही बुधवार को अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया तथा बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने घटना के विरोध में चक्काजाम भी किया।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिंहा ने बताया कि पड़ोसियों के बीच नाली और कचरा फेंकने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट के दौरान 60 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मृत्यु के कारण के आधार पर प्रकरण में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES