अधूरे कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कर ग्राम पंचायतों को सौंपने के निर्देश
सागर,। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पी. नरहरि ने कहा है कि हर घर जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला पंचायतों और ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सागर संभाग के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजना के कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करें तथा अपूर्ण निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रमुख सचिव ने कहा कि लोगों के घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित यह भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत प्रत्येक घर तक साफ और सुरक्षित पानी समय-सीमा में उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि योजना के कार्य ग्राम पंचायतों को सौंपने के बाद उनके संचालन और प्रबंधन के लिए ग्राम पंचायत सचिवों को समुचित प्रशिक्षण दिया जाए।
प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हर घर जल योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सागर और छतरपुर जिलों में अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कर ग्राम पंचायतों को सौंपे जाएं।
उन्होंने सागर संभाग के कमिश्नर और कलेक्टरों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे योजना के कार्यों की नियमित समीक्षा करें और अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
बैठक में प्रमुख सचिव ने पाइपलाइन संबंधी जानकारी पीएम गति शक्ति पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने बताया कि हर घर जल योजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा संभाग और जिला स्तर पर नियमित रूप से की जा रही है। अब जिला पंचायत स्तर पर भी इसकी समीक्षा की जाएगी, ताकि जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।
बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि भारत सरकार ने हाल ही में इस योजना को स्वीकृति प्रदान की है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रभारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरती यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES