सागर। शहर में किन्नर समाज के भीतर चल रहा विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। किन्नर समाज की एक मुखिया (स्व. कमला बुआ की उत्तराधिकारी) ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए धोखाधड़ी, धमकी और अवैध दावों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मुखिया ने एक वीडियो जारी कर बताया कि वह लंबे समय से प्रशासन को आवेदन दे रही हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि विवाद लगातार बढ़ रहा है और अब यह जानलेवा स्थिति तक पहुंच गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किन्नर समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटना गलत है। “हम भी इस देश के नागरिक हैं। किन्नर समाज में हर धर्म के लोग होते हैं, ऐसे में हमें बदनाम करना और भ्रम फैलाना उचित नहीं है,” उन्होंने कहा।
विवाद की जड़ बताते हुए मुखिया ने ‘रानी ठाकुर’ नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए। उनके अनुसार, रानी ठाकुर मूल रूप से बांदा की रहने वाली है और वर्ष 2022 के अंत में सागर आई थी। मुखिया का आरोप है कि उन्होंने मानवीय आधार पर उसे अपने घर में आश्रय दिया, लेकिन बाद में उसने धोखाधड़ी की, घर में चोरी की और खुद को “महामंडलेश्वर” घोषित कर दिया। उन्होंने इस पद के दावे की भी जांच की मांग की है।
मुखिया ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले ढाई महीनों से वे भय के माहौल में जीवन जी रही हैं। उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। हाल ही में भोपाल से लौटते समय उन पर हमला कराया गया, जिसमें उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचा और उन्हें चोटें आईं।
उन्होंने खुद को कमला बुआ की वैध उत्तराधिकारी बताते हुए कहा कि कुछ लोग उनकी गद्दी छीनने का प्रयास कर रहे हैं।
अंत में मुखिया ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि वह दोषी पाई जाती हैं तो उन्हें सजा दी जाए, लेकिन अवैध दावों और धमकियों पर सख्त कार्रवाई होना जरूरी है, ताकि वे सुरक्षित जीवन जी सकें।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें