सागर/रीवा। रीवा में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने तीन जैन साध्वियों को कुचल दिया। हादसे में दो साध्वियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया, जिसे बाद में जबलपुर के बहोरीपार टोल नाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार हादसा रीवा कलेक्ट्रेट के सामने हुआ। तीनों जैन साध्वियां सड़क किनारे पैदल जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उनकी तरफ आ गई और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मृत साध्वियों की पहचान श्रुति मति माता और उपसमिति माता के रूप में हुई है। श्रुति मति माता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी साध्वी ने संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरी साध्वी आरिका माता की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि धर्मगुरु श्रुति मति माता मूल रूप से सागर की रहने वाली थीं और वर्तमान में सतना से रीवा प्रवास पर थीं।
270 किलोमीटर भागा आरोपी
हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और जबलपुर के बहोरीपार टोल नाके पर बरगी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक आरोपी घटना के बाद करीब 270 किलोमीटर तक भागता रहा। अब उसे पूछताछ के लिए रीवा ले जाया जाएगा।
जैन समाज में शोक और आक्रोश
घटना के बाद पूरे जैन समाज में शोक और गुस्से का माहौल है। बड़ी संख्या में समाज के लोग अस्पताल और जैन धर्मशाला पहुंचे। दोनों साध्वियों के शव अंतिम दर्शन के लिए रखे गए, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए रवाना किया गया।
गुस्साए लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कमिश्नर बीएस जामोद, डिप्टी कमिश्नर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES