मालथौन। सागर-ललितपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मालथौन टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर दूर चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक RJ 11 GC 5463 तिरुपति से आम भरकर दिल्ली की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक के केबिन के ऊपर आग की लपटें उठने लगीं। सड़क किनारे मौजूद लोगों और अन्य वाहन चालकों ने ट्रक चालक को इसकी सूचना दी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद मालथौन और बरोदिया कलां की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ट्रक में बड़ी मात्रा में आम की कैरेट भरी होने के कारण आग अंदर तक फैल गई थी, जिससे दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जेसीबी से तोड़ी गई ट्रक बॉडी
आग लगातार बढ़ती देख टोल प्लाजा से जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी की मदद से ट्रक की बॉडी का हिस्सा तोड़ा गया और अंदर रखी आम की कैरेट बाहर निकाली गईं। इसके बाद दमकल टीम आग को पूरी तरह बुझाने में सफल हो सकी।
आम लूटने मची होड़
आग के दौरान ट्रक में रखे कई आम सड़क पर बिखर गए। कुछ आम आग से खराब हो चुके थे, जबकि कई सुरक्षित थे। इसी बीच राहगीरों और स्थानीय लोगों में आम लूटने की होड़ मच गई। लोगों ने मौके से जमकर आम उठाए।
कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से जले ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
टोल प्रबंधन ने दी सफाई
घटना को लेकर टोल प्रबंधन ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि हाईवे पर एक ट्रक में आग लगी है। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस, रूट पेट्रोलिंग टीम और रेस्क्यू वाहन मौके पर भेजे गए। फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना दी गई और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए हाइड्रा मशीन भी रवाना की गई।
प्रबंधन के अनुसार परियोजना परिसर और टोल बूथों पर एबीसी एवं CO2 प्रकार के फायर एक्सटिंगुइशर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, हालांकि उनके पास बड़ा फायर ब्रिगेड वाहन उपलब्ध नहीं है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें