शाहगढ़। बरायठा पंचायत के छापर जंगल में बुधवार को एक तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृत तेंदुए के सिर और गले पर गंभीर घाव पाए जाने के बाद उसकी हत्या या शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जंगल में बीड़ी पत्ती तोड़ने गए ग्रामीणों ने तेंदुए का शव देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय लाया गया। मामले में वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के मुताबिक तेंदुए की लंबाई करीब 5 फीट 10 इंच और उम्र लगभग 5 से 6 वर्ष आंकी गई है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। वन विभाग जंगल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है।
वन विभाग ने तेंदुए के शिकार की आशंका को फिलहाल बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि भीषण गर्मी, भूख-प्यास या अन्य प्राकृतिक कारणों से भी मौत हो सकती है। वहीं पोस्टमार्टम करने वाले पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहित सितोले ने बताया कि सिर और गले पर मिले घावों से प्रथम दृष्टया किसी अन्य जंगली जानवर से संघर्ष की आशंका लगती है।
उन्होंने बताया कि विसरा सैंपल जांच के लिए सागर और जबलपुर भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES