सागर। कोतवाली थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को करीब 5 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.099 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जा रही है, जब्त कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरव्याऊ टौरी स्थित पुलिस लाइन के पीछे खंडहर के पास दो संदिग्ध युवक गांजा बेचने की तैयारी में बैठे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर मौके पर घेराबंदी की गई और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विकास पिता देवेन्द्र रजक (22 वर्ष), निवासी बागराज वार्ड तथा देवेन्द्र पिता देवी प्रसाद उपाध्याय (40 वर्ष), निवासी मुहारा चौकी, सीहोरा राहतगढ़ बताए।
पुलिस ने आरोपियों के पास रखी एक बोरी की तलाशी ली, जिसमें तीन अलग-अलग पैकेटों में रखा हुआ हरे रंग का सूखा गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 5.099 किलोग्राम पाया गया।
पूछताछ के दौरान मामले में एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें