सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर में एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का खून से लथपथ शव किराए के मकान के किचन में मिला। मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें प्रेमी की बेवफाई से आहत होकर जान देने की बात लिखी गई है। हालांकि, मृतका के पति ने इसे हत्या बताते हुए महिला के साथ रह रहे युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सोनाली पटेल के रूप में हुई है। शनिवार रात उसके साथ रह रहे सुंदर पटेल ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि किचन में महिला का शव पड़ा था और पास ही एक रस्सी भी मिली। महिला के हाथ-पैरों पर कांच से कटने के निशान थे, जबकि सिर पर भी चोट के चिन्ह पाए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में सुंदर पटेल ने बताया कि सोनाली पिछले चार महीने से उसके साथ इस किराए के मकान में रह रही थी। इससे पहले दोनों किसी अन्य स्थान पर रह रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति ने लगाया हत्या का आरोप
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पति खरगराम पटेल ने आरोप लगाया कि उनकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उनका एक 9 वर्षीय बेटा भी है। उनके अनुसार, वर्ष 2024 में सुंदर पटेल उनकी पत्नी को अपने साथ ले गया था।
पति का आरोप है कि जब तक महिला के बैंक खाते में पैसा था, तब तक उसका उपयोग किया गया और रकम खत्म होने पर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना से एक दिन पहले पत्नी ने फोन पर अपनी जान को खतरा बताते हुए मर जाने की बात कही थी।
पुलिस का दावा- सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग का उल्लेख
मकरोनिया थाना प्रभारी रविंद्र चौहान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग और बेवफाई का जिक्र है। पुलिस का मानना है कि इसी वजह से महिला ने आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है।
पुलिस के मुताबिक, पैर के तलवों में कांच लगने से काफी खून बहा था। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES