सागर। कैंट थाना क्षेत्र में एक महिला पर ज्वलनशील पदार्थ से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर पूर्व पार्षद महेश अहिरवार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार विजय नगर निवासी 36 वर्षीय अर्चना अहिरवार शुक्रवार रात मेडिकल स्टोर से दवा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान कजलीवन मैदान के पास उन पर कथित रूप से एसिड जैसे ज्वलनशील पदार्थ से हमला किया गया। पदार्थ उनकी पीठ पर गिरने से वे झुलस गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया।
पुलिस पूछताछ के दौरान पीड़िता ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए पूर्व पार्षद महेश अहिरवार पर हमला कराने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर महेश अहिरवार के समर्थकों और परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपों को झूठा व बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य, पीड़िता के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें