सागर। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग ने पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए अवकाश (छुट्टी) स्वीकृति प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब पुलिसकर्मियों को छुट्टी के लिए दस्तावेजों का सत्यापन कराने या अलग-अलग अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। आरक्षक, प्रधान आरक्षक, हवलदार से लेकर थाना प्रभारी (टीआई) और अन्य अधिकारी एचएमआरएस (HRMS–ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम/मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली) के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश के लिए आवेदन कर सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक थाने में एक 'छुट्टी बाबू' नियुक्त किया जाएगा, जो एचएमआरएस पोर्टल पर अवकाश संबंधी आवेदन और पूरी प्रक्रिया का संचालन करेगा। इससे आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी। पुलिसकर्मियों को अब अपने अवकाश आवेदन की स्थिति जानने के लिए भी अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।

वहीं, थाना प्रभारियों को इस प्रणाली में अप्रूवर (Approver) की जिम्मेदारी दी गई है। थाना प्रभारी ऑनलाइन पोर्टल पर यह देख सकेंगे कि किस कर्मचारी ने अवकाश का आवेदन किया है, थाने में वर्तमान में कितने विवेचक और पुलिस बल उपलब्ध हैं तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए किस कर्मचारी का अवकाश स्वीकृत किया जा सकता है। आवश्यकता और उपलब्ध स्टाफ के आधार पर वे ऑनलाइन ही अवकाश स्वीकृत या अस्वीकृत कर सकेंगे।

पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य अवकाश प्रक्रिया को आधुनिक, पारदर्शी और तेज बनाना है। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से कागजी कार्यवाही में कमी आएगी, समय की बचत होगी और पुलिसकर्मियों को अनावश्यक कार्यालयी प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी। विभाग का मानना है कि एचएमआरएस (मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली) के माध्यम से अवकाश प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा और पुलिसकर्मियों को समय पर निर्णय मिलने से उनकी कार्यकुशलता और प्रशासनिक पारदर्शिता दोनों में वृद्धि होगी।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES