सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बमोरी बीका में शुक्रवार दोपहर खेत के पास बम के संदिग्ध हिस्से मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सेना की टीम को भी बुलाया गया।
जांच के दौरान मौके से बम के आगे के हिस्से यानी फ्रंट पार्ट के पांच टुकड़े मिले। इनमें से चार खाली थे, जबकि एक फ्रंट पार्ट में विस्फोटक भरा हुआ था। विस्फोट की आशंका को देखते हुए सेना की टीम ने उसे मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिस्पोज कर दिया।
जानकारी के अनुसार खेत के पास पेड़ के नीचे संदिग्ध वस्तुएं पड़ी थीं, जिन्हें गांव के एक व्यक्ति ने उठाकर अपने पास रख लिया था। बाद में इसकी जानकारी सरपंच को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब दोपहर 2 बजे पुलिस और सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में बम के ये हिस्से करीब 20 साल पुराने बताए जा रहे हैं। टीम ने आसपास के क्षेत्र की भी जांच की और ग्रामीणों से पूछताछ की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बम के ये हिस्से खेत तक कैसे पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES