किसानों को छला, बहनों को धोखा दिया, कांग्रेस नहीं कर सकती विकासः शैलेंद्र जैन विधायक सागर
मोदी जी ने 9 वर्षों में लिखी सेवा, सुशासन की नई गाथा 

विधायक शैलेंद्र जैन ने किया पत्रकार वार्ता को संबोधित

 सागर। कांग्रेस की सरकार के समय प्रदेश की क्या हालत थी, सभी ने देखी है। सड़कें खराब थी, बिजली नहीं थी, किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता था। 15 महीने वाली कांग्रेस की सरकार ने कर्जमाफी का झूठा वादा करके किसानों को कर्जदार बना दिया। बहनों को छला। जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दीं। कांग्रेस देश-प्रदेश का विकास नहीं कर सकती, ये काम सिर्फ भाजपा कर सकती है। आज सभी को भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास है,प्रधानमंत्री मोदी जी पर विश्वास है, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर विश्वास है इसलिए आगमी चुनावों में भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। यह बात सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
प्रधानमंत्री जी की नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में एक नये भारत का उदय हो रहा है। वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का उदय हो रहा है। कांग्रेस के जमाने में छोटे-छोटे देश हमें आंखें दिखाते थे। लेकिन अब अगर चीन भी हमें आंखें दिखाने की कोशिश करता है, तो हमारे सैनिक चीनियों की गर्दन तोड़कर चीन में फेंक देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी जी नहीं होते, तो क्या कोविड की वेक्सीन इतने जल्दी बन पाती? बीसियों साल लग जाते। मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने न सिर्फ वेक्सीन बनाई, बल्कि दुनिया के अन्य देशों को भी दी। 
श्री जैन ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश का जो कायाकल्प हो रहा है, वह विरोधियों को रास नहीं आ रहा। इसलिए वे उनकी आलोचना करते हैं, गालियां देते हैं। लेकिन देश की जनता मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ी है। 
मोदी जी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण में नया इतिहास रचा
विधायक श्री जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 9 वर्षों के कार्यकाल में सेवा, सुशासन और राष्ट्रसेवा को समर्पित विकास की नई गाथा लिखी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी,और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने देश और प्रदेश में विकास का नया इतिहास रचा है। सुशासन देने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है कांग्रेस सरकार में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि हम केन्द्र से 1 रुपये भेजते हैं तो 85 पैसे भ्रष्टाचार में चले जाते हैं। गरीब हितग्राही के हाथों में सिर्फ 15 पैसे ही पहुँचता है। कांग्रेस सरकार में दलाल और बिचौलिये काम करते थे। प्रधानमंत्री के रूप में जब मोदी जी आएं तो उन्होंने देश में 45 करोड़ जन-धन खाते खोलकर बिचौलियों को खत्म कर दिया और आज गरीब के लिए केंद्र सरकार की और से भेजा गया पूरा 1 रुपया गरीबों तक पहुँचता है। डीबीटी के माध्यम से मोदी जी ने पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बना दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना के अन्तर्गत 10 जून को एक हज़ार रुपये बहनों के खाते में भेजे है, तो 999 नहीं पूरे 1 हजार रूपये सिंगल क्लिक में बहनों के खाते में पहुंचे। यही सुशासन एवं सेवा का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 9 वर्षों में देश की जनता ने देखा है। इन नौ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी जी ने इस देश की व्यवस्था को बदलने का कार्य किया है। 
श्री जैन ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी सबसे अधिक सत्ता में रही, लेकिन कांग्रेस ने कभी भी गरीबों की चिंता नहीं की। जब गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बना तो उसने झोपड़ी में रहने वाले गरीबों का दुःख दर्द को समझा और उसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना बनाई बीते 9 वर्षों में प्रधानमंत्री ग़रीब आवास योजना के अन्तर्गत प्रधानमंत्री मोदी जी ने साढ़े तीन करोड़ गरीब लोगों को पक्का मकान देने का कार्य किया है। वही कोई कोई गरीब इलाज से वंचित न हो इसके लिए आयुष्मान भारत योजना का सुरक्षा कवच मोदी सरकार ने दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल जी ने जैसे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्यम से गाँव गाँव को सड़को से जोड़ा वैसे ही प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी ने हर घर तक नल से जल पहुँचाने का कार्य किया है। 

म.प्र. में भाजपा सरकार से गरीबों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया

 2003 के पहले मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश को आकंठ भ्रष्टाचार में डुबो दिया था। जनता सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित थी। 2003 के बाद जब प्रदेश में भाजपा सरकार बनी तो मध्यप्रदेश विकास की और अग्रसर हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 महीने रही कमलनाथ सरकार ने भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गयी संबल योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, तीर्थ दर्शन और कन्यादान योजना जैसी सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर गरीबों से उनका हक़ छीनने का काम किया। जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियों के जरिये देश व प्रदेश के गरीबों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। योजनाओं के माध्यम से हर गरीब को सशक्त करने का काम प्रधानमंत्री जी ने किया है।


Post a Comment

और नया पुराने
NEWS WEB SERVICES