सागर।
शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर नर्स की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी घटना के सात दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है, जिस कारण पुलिस को उसकी तलाश में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, हत्या के मामले में फरार आरोपी सुशील चढ़ार पिता रामसेवक चढ़ार (उम्र 28 वर्ष) निवासी ग्राम मुड़िया, थाना पनागर जिला जबलपुर है। आरोपी की जानकारी देने या उसे पकड़वाने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर एसडीओपी बंडा के मोबाइल नंबर 7587635630 अथवा थाना शाहगढ़ प्रभारी के नंबर 7701055712 पर तुरंत सूचना दें।
अस्पताल के गेट पर दिया वारदात को अंजाम
मृतका दीपशिखा चढ़ार (उम्र 26 वर्ष) निवासी पाटन, जिला जबलपुर, बीते दो वर्षों से शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के पद पर पदस्थ थी। वह अस्पताल से लगभग 100 मीटर दूर किराए के कमरे में रह रही थी।
4 फरवरी की रात उसकी ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। ड्यूटी पर जाते समय जब वह पैदल अस्पताल के गेट पर पहुंची, तभी आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और जेब से कट्टा निकालकर तीन फायर किए। एक गोली चूक गई, जबकि दो गोलियां उसकी पीठ में दिल के पीछे लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एकतरफा प्यार बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का आरोपी मृतका का रिश्ते में मौसी का बेटा सुशील चढ़ार है। आरोपी नर्स से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। इसी जुनून में उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद से ही आरोपी फरार है। शाहगढ़ क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग की गई, वहीं जबलपुर पुलिस की टीम ने आरोपी के घर व रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। बीते सात दिनों से सागर पुलिस के साथ-साथ पाटन और पनागर थाना पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

.gif
)
एक टिप्पणी भेजें