सागर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। 11 मार्च को ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का भव्य उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल तथा उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन मार्ग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, कलेक्टर संदीप जी.आर., एसडीएम अमन मिश्रा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी सागर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा वरदान साबित होगी। अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सागर में ही उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के साथ आयोजित होने वाले रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रोजगार मेले का भी शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों के दोपहर लगभग 12:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की संभावना है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समुचित तैयारियां की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इस दौरान ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति आदित्य सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे और उन्होंने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।

.gif
)
एक टिप्पणी भेजें