सागर। बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी) सागर में कैंसर मरीजों के लिए बड़ी सौगात दी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में सर्जरी विभाग में अत्याधुनिक ‘ओंको-सर्जरी वार्ड’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा से अब कैंसर पीड़ित मरीजों को सर्जरी से पहले और बाद में एक ही स्थान पर विशेष उपचार और देखभाल मिल सकेगी।
बीएमसी के अधिष्ठाता डॉ. पी.एस. ठाकुर ने रिबन काटकर इस वार्ड का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीएमसी में कैंसर ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में समर्पित ओंको-सर्जरी वार्ड शुरू होने से मरीजों को बेहतर और व्यवस्थित इलाज उपलब्ध हो सकेगा।
उद्घाटन समारोह में अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक श्रीवास्तव, डॉ. सुनील सक्सेना, डॉ. अखिलेश रत्नाकर, डॉ. सौरभ जैन और डॉ. जितेंद्र डांगी सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। सभी विशेषज्ञों ने इसे कैंसर के विरुद्ध लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि नए वार्ड में कैंसर सर्जरी से जुड़े मरीजों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सामान्य वार्ड से अलग होने के कारण संक्रमण का खतरा भी कम रहेगा और मरीजों को फोकस्ड केयर मिल सकेगी।
इस सुविधा के शुरू होने से अब सागर सहित आसपास के जिलों के मरीजों को कैंसर के इलाज के लिए बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। बीएमसी प्रबंधन की इस पहल की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES