सागर,।
मध्यप्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्पष्ट किया है कि सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से कार्य कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है, जिससे सप्लाई पूरी तरह सुचारू बनी हुई है।
मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि एलपीजी की कालाबाजारी पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। अब तक 2046 स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 2888 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं तथा 9 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है।
रसोई गैस की स्थिति सामान्य
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत देते हुए उन्होंने बताया कि बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मांग को देखते हुए प्लांट अतिरिक्त समय तक कार्य कर रहे हैं, ताकि किसी उपभोक्ता को परेशानी न हो।
पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारू
प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। ऑयल कंपनियों के डिपो में रोजाना नया स्टॉक पहुंच रहा है, जिससे आगामी दिनों की मांग आसानी से पूरी की जा सकेगी।
पैनिक बाइंग से बढ़ी समस्या
मंत्री ने बताया कि सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 9 केएल पेट्रोल और 18 केएल डीजल की बिक्री होती है, लेकिन हाल के दिनों में पैनिक बाइंग के कारण यह मांग 2 से 2.5 गुना तक बढ़ गई। इसी वजह से कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से लंबी कतारें और स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति बनी।
अफवाहों से बचने की अपील
श्री राजपूत ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीद करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मध्यप्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES