रहली। रहली-जबलपुर मार्ग पर ग्राम रजवास के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
थाना रहली से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मोटरसाइकिल से रहली-जबलपुर मार्ग पर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम रजवास के पास पहुंचे, चालक अचानक संतुलन खो बैठा और बाइक सीधे रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। इलाज के दौरान नीलेश पिता कालू नामदेव, निवासी कासल पिपरिया की मौत हो गई।
वहीं, हादसे में घायल मोहित पिता कमलेश नाथ और कैलाश पिता लट्टू रायकवार, दोनों निवासी टिकिटोरिया, का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इधर, रहली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES