सागर। जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलहरा चौकी के कटंगी गांव में इन दिनों जंगली जानवरों का खौफ चरम पर है। पिछले एक सप्ताह से गांव में लकड़बग्घों (हैना) का झुंड सक्रिय है, जिससे ग्रामीण दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे एक लकड़बग्घा अचानक बस्ती में घुस आया और एक घर में प्रवेश कर गया। इस दौरान उसने 70 वर्षीय पंचम विश्वकर्मा और उनके 7 वर्षीय पोते आनंद विश्वकर्मा पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें जैसीनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, शुरुआत में ये जंगली जानवर गांव के मवेशियों—कुत्तों और गायों—को निशाना बना रहे थे, लेकिन अब ये बस्ती में घुसकर इंसानों पर भी हमला कर रहे हैं। इस संबंध में वन विभाग को पहले ही सूचना दी जा चुकी थी, बावजूद इसके अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन जंगली जानवरों पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, लकड़बग्घों को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES