सागर। जिले के बांदरी वन परिक्षेत्र के बहरोल जंगल में घायल अवस्था में मिले काला हिरण की इलाज के दौरान मौत हो जाने से वन विभाग और पशु चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मार्च को वन विभाग को सूचना मिली थी कि एक काला हिरण जंगल में घायल अवस्था में लंगड़ाते हुए घूम रहा है। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और हिरण का रेस्क्यू कर उसे तत्काल मालथौन पशु चिकित्सालय भेजा गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में उपचार के दौरान ही हिरण ने दम तोड़ दिया। इस पर स्थानीय लोगों ने पशु चिकित्सालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समय पर और उचित इलाज मिलता तो हिरण की जान बचाई जा सकती थी।
बांदरी वन परिक्षेत्र अधिकारी लखन सिंह ठाकुर के मुताबिक, वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल हिरण को तुरंत अस्पताल पहुंचाया था। हिरण की मौत के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES