सागर। शहर के बहेरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दीपाली होटल के पास एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ है। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक और वरना कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार चालक और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मौके पर मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दीपाली होटल के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए। कार की हालत देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
108 एम्बुलेंस से पहुँचाया अस्पताल
हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस सेवा को दी गई। मौके पर पहुँची 108 एम्बुलेंस की मदद से कार चालक और उसके साथी को तत्काल तिली स्थित जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और फिलहाल डॉक्टर उनका सघन उपचार कर रहे हैं।
यातायात हुआ प्रभावित
हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाने की कार्रवाई शुरू की और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। पुलिस अब इस मामले की जाँच कर रही है कि हादसा किस वाहन की लापरवाही के कारण हुआ।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें