पुलिस बोली— केस से बचने के लिए लगाए जा रहे झूठे आरोप
सागर। सागर कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला के परिजन ने पुलिस से प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई और व्यक्ति को समय रहते रोक लिया गया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मामले में आवेदिका रचना पटवा ने बताया कि वह मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रधानमंत्री आवासीय कॉलोनी में रहती हैं। उनके अनुसार पड़ोस में रहने वाले अक्षय सोनी और उसके परिजनों ने उनके पति के साथ मारपीट की थी। शोर सुनकर जब वह अपने पति को बचाने के लिए पहुंचीं तो अक्षय सोनी ने उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
रचना पटवा का आरोप है कि जब वह इस घटना की शिकायत लेकर थाना मोतीनगर पहुंचीं तो पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। उल्टा पुलिस ने उन्हें और उनके पति को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक महीने से लगातार परेशान हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी से आहत होकर उन्होंने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया।
वहीं इस पूरे मामले में मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले महेंद्र पटवा और उनकी पत्नी द्वारा अक्षय सोनी व उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में थाना मोतीनगर में महेंद्र पटवा और उनकी पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार दर्ज मामले से बचने के लिए यह लोग अपनी बहू से झूठे आरोप लगवाकर पुलिस को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES