सागर/मकरोनिया। हिंदू नव वर्ष के अवसर पर सेमरा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में अंतरराष्ट्रीय हिंदी परिषद द्वारा हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं उसे राष्ट्रीय भाषा का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि परिषद की प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला मौर्य रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश प्रवक्ता ज्योति रानी मौर्य एवं पत्रकार पवन शर्मा उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रमिला मौर्य ने कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक धरोहर है और इसे सम्मान दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
प्रदेश प्रवक्ता ज्योति रानी मौर्य ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को हिंदी भाषा के इतिहास, महत्व और वर्तमान परिदृश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं पत्रकार पवन शर्मा ने कहा कि हमें दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिंदी का उपयोग करना चाहिए, जिससे भाषा का विकास और संरक्षण संभव हो सके।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की संचालिका मीना दीदी ने किया। अंत में परिषद के पदाधिकारियों द्वारा सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा विद्यालय की संचालिका को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला मौर्य ने बताया कि यह कार्यक्रम परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक हृदय नारायण मिश्रा के निर्देश पर आयोजित किया गया है, जिसे आगे भी निरंतर चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में मंत्री कमला मौर्य, सचिव अर्चना मौर्य, सविता पटेल, संगीता पटेल, अर्चना पटेल, रश्मि मालती पटेल, शांति पटेल, कुमारी चंचल, विशाखा पटेल, मोना बंसल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES