सागर/शाहगढ़, 
हिंदू नव वर्ष के अवसर पर आयोजित वाहन रैली के दौरान एक नाबालिग बच्चे के साथ पुलिस आरक्षक द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल सहित सकल हिंदू समाज के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 मार्च 2026 को शाहगढ़ में हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में वाहन रैली का आयोजन किया गया था। रैली के दौरान एक युवक पटाखे फोड़ रहा था, जिसके पास एक नाबालिग बालक भी खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान शाहगढ़ थाने में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक मौके पर पहुंचा और कथित रूप से बालक के साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मार दिया।
बताया गया है कि जब वहां मौजूद युवक ने इसका विरोध किया तो आरक्षक ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और मारपीट का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। इसके बाद पीड़ित पक्ष द्वारा शाहगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
इस घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं सकल हिंदू समाज शाहगढ़ के सदस्यों ने सागर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो शाहगढ़ का हिंदू समाज न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।

इनका कहना
रैली के दौरान एक बच्चा लोगो के ऊपर पटाखे फैख रहा तो उसको हमारे आरक्षक द्वारा मना भी किया गया लेकिन वो नहीं माना फिर हमारे आरक्षक ने बच्चे का हाथ पकड़ा और रैली से बाहर कर दिया बाकी उस बच्चे के साथ कोई मार पीट नहीं की गई
थाना प्रभारी शाहगढ़ संदीप खरे 

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES