सागर। शहर के तिली स्थित गैस पंप पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गैस सप्लाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ऑटो चालक वहां पहुंच गए। दोपहर करीब 2 बजे तक पंप पर 100 से अधिक ऑटो की लंबी कतारें लग गईं, जिससे चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सागर में केवल दो ही सीएनजी/गैस पंप संचालित हो रहे हैं। इनमें से राहतगढ़ ओवरब्रिज के पास स्थित एक पंप को अधिक कीमत पर गैस बेचने की शिकायत के बाद प्रशासन ने दो दिन पहले अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद तिली स्थित पंप पर ही पूरा दबाव आ गया, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई।
ऑटो चालकों ने बताया कि करीब 15 दिनों बाद इस पंप पर गैस उपलब्ध हुई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रत्येक ऑटो को अधिकतम 700 रुपये तक की ही गैस दी जा रही है, जिससे उनका काम केवल 2-3 दिन ही चल पा रहा है। चालकों ने चिंता जताई कि यदि जल्द ही नियमित आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो उन्हें फिर से काम बंद होने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं, पंप संचालक विशाल चौधरी का कहना है कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। सभी ईंधनों की आपूर्ति लगातार जारी है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES