घुवारा। भगवां थाना अंतर्गत घुवारा चौकी क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि चौकी में पदस्थ एक ड्राइवर आरक्षक ने ड्यूटी के दौरान न केवल लापरवाही बरती, बल्कि घायल की मदद कर रहे पत्रकारों और स्थानीय लोगों से अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज और धमकी भी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवा रोड स्थित महिंद्रा एजेंसी के पास एक युवक की गाय से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुवारा पहुंचाया। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
बताया जा रहा है कि घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद जब पत्रकार वापस लौटे, तो दुर्घटना में घायल गाय सड़क पर तड़प रही थी। इस पर मीडियाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए गाय को सड़क से हटाकर उसके उपचार की व्यवस्था शुरू की। इसी दौरान घुवारा चौकी की पुलिस गाड़ी मौके पर पहुंची।
मीडियाकर्मियों का आरोप है कि पुलिस वाहन में मौजूद ड्राइवर आरक्षक दीपक सूतकार कथित रूप से शराब के नशे में था और वाहन से उतरते ही उसने पत्रकारों व स्थानीय लोगों से अभद्रता करते हुए अपशब्द कहे। विरोध करने पर कथित रूप से धमकी देते हुए कहा कि “मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे।”
पीड़ितों का आरोप है कि जब वे इस पूरे मामले की शिकायत करने घुवारा चौकी पहुंचे, तो वहां भी आरोपी आरक्षक ने चौकी प्रभारी के सामने ही दुर्व्यवहार करते हुए दोबारा धमकाया और कहा कि “जो करना है कर लो, मैं ऐसा ही रहूंगा।”
इस घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने आरोपी आरक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक आगम जैन से शिकायत करने की बात कही है।
गौरतलब है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘राहवीर योजना’ के तहत सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहित किया जाता है, लेकिन इस तरह की घटनाएं न केवल मानवता को आहत करती हैं, बल्कि व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES