शाहगढ़। थाना क्षेत्र के बरायठा रोड स्थित एक वार्ड में शनिवार दोपहर एक ही समाज के दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर पथराव हो गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गौड़ समाज के दो पक्षों के बीच एक महिला को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर शनिवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए, वहीं कई बाइक और घरों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप खरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ ही हीरापुर, बराज और आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठी फटकारकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद पत्थरबाज मौके से भाग निकले।
कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
महिला विवाद बना कारण
पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद एक महिला को लेकर शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि संबंधित महिला को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव था, जो शनिवार को बातचीत के दौरान अचानक भड़क गया।
क्षेत्र में बढ़ाई गई गश्त
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। देर शाम तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें