रहली। क्षेत्र में आत्महत्या की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पिछले तीन दिनों के भीतर पांच लोगों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से सनसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ग्राम बरखेरा सिकंदर में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। इसके बाद बुधवार को दो अलग-अलग हृदयविदारक घटनाएं सामने आईं—एक मामले में पेट दर्द से परेशान युवक ने आत्मघाती कदम उठाया, वहीं ग्राम मोठार चांदपुर में पति-पत्नी ने एक साथ फांसी लगाकर जान दे दी।
गुरुवार को भी यह सिलसिला नहीं थमा। नगर के मोहार वार्ड में एक 16 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि वार्ड क्रमांक 15 स्थित सर्वोदय वेयरहाउस के पास रहने वाली 16 वर्षीय रूपाली पिता कोमल अहिरवार ने गुरुवार सुबह अपने घर में फांसी लगा ली। घटना का पता उस समय चला जब परिजन रोजमर्रा के काम के दौरान उसके कमरे में पहुंचे और उसे फंदे पर झूलता देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह सामने आ सके। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच जारी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें