रहली। थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर अंतर्गत मुठिया गांव में नवविवाहित दंपति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का हृदयविदारक मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दंपति ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
मृतकों की पहचान राजेंद्र पटेल (22 वर्ष) और काजल पटेल (21 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि दोनों ने घटना के समय विवाह के वस्त्र पहन रखे थे, जिससे ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं।
थाना प्रभारी सुनील शर्मा के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES