सागर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में उनके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना बीती रात सीहोरा पुलिस चौकी क्षेत्र के राहतगढ़-सागर रोड की है। जानकारी के मुताबिक, सुभाष नगर निवासी देवीलाल अहिरवार अपनी बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र रिश्तेदारों को देने सीहोरा जा रहे थे। उनके साथ रामकुमार अहिरवार भी बाइक पर सवार था।
जैसे ही दोनों सीहोरा मंडी के सामने पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन (संभावित आयशर) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को राहतगढ़ सिविल अस्पताल भिजवाया गया। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
परिजनों के मुताबिक, दोनों सीहोरा में रिश्तेदारी में शादी के कार्ड देने आए थे, लेकिन एक अज्ञात वाहन ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES