सागर जिले के खुरई स्थित शहनाई गार्डन में शादी समारोह के दौरान काम कर रहे 15 वर्षीय किशोर की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान घोरट निवासी टीकाराम उर्फ मनीष कुशवाहा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मनीष वेटर का काम कर रहा था। काम के दौरान वह कुर्सी पर बैठा, तभी अचानक नीचे गिर पड़ा। साथियों ने उसे उठाकर पानी पिलाया और होश में लाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तुरंत उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता ओमकार कुशवाहा ने कैटरिंग ठेकेदार और गार्डन संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटे की हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर उचित व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, मनीष ने हाल ही में 9वीं कक्षा अच्छे अंकों से पास की थी और छुट्टियों के चलते शादी समारोह में काम करने गया था।
खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी के मुताबिक, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES