बीना। भानगढ़ थाना क्षेत्र के कंजिया गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली सीने में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार अभिषेक यादव (24) पिता जगभान यादव बुधवार रात अपने खेत पर मौजूद था। इसी दौरान निरंजन लोधी अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और कट्टे से फायर कर दिया। गोली अभिषेक के सीने के बाईं ओर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि घायल अभिषेक यादव के चचेरे भाई ज्ञानसिंह यादव की वर्ष 2022 में हत्या हुई थी, जिसमें निरंजन लोधी मुख्य आरोपी था। हालांकि कोर्ट से बरी होने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ था। इस घटना को भी उसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को सिविल अस्पताल बीना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सागर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही भानगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी धनेंद्र यादव के अनुसार मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायल के बयान के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें