बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 2 बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मौके पर ही 12 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 3 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक वाहन में करीब 30 से 35 मजदूर अपने बच्चों के साथ सवार थे, जो अमझेरा की ओर जा रहे थे। रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच तेज रफ्तार के कारण पिकअप वाहन रोड डिवाइडर से टकराया और पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग नीचे दब गए।
घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। कई मजदूर सड़क पर घायल अवस्था में पड़े मिले।
अस्पताल में अफरा-तफरी
घायलों को तुरंत धार जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां एक साथ बड़ी संख्या में मरीज आने से अफरा-तफरी मच गई। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी है।
इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. सत्यपाल ने बताया कि, “हादसे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 2 बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।”
मौके पर प्रशासन
सूचना मिलते ही तिरला थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें