खिमलासा। तेज आंधी-बारिश के बीच शनिवार रात करमपुर गांव में कुदरत का कहर उस वक्त टूट पड़ा, जब आकाशीय बिजली गिरने से एक पिता और उनकी 9 माह की मासूम बेटी गंभीर रूप से झुलस गए।
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल कुशवाहा अपनी नन्ही बेटी के साथ कच्चे मकान में मौजूद थे। तभी अचानक तेज हवाओं, गरजते बादलों और मूसलाधार बारिश के बीच बिजली सीधा उनके घर पर आ गिरी। पलक झपकते ही खुशियों का घर दर्द में बदल गया।
हादसे में मासूम बच्ची की आंख पर चोट आई है, जबकि राहुल कुशवाहा के दोनों पैर और कमर बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोटवार और ग्राम सचिव मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। आनन-फानन में घायल पिता-पुत्री को खिमलासा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
ग्रामीणों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन से ऐसे कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।

.gif
)
एक टिप्पणी भेजें