सागर। शहर के बड़ा बाजार क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति ने किराना दुकान से बड़ी चालाकी से मूंगफली तेल का महंगा जार पार कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसने सबको चौंका दिया है।
दुकान संचालक परिवेश साहू के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक बुजुर्ग उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने ₹65 का सामान खरीदा और ₹60 देकर बाकी ₹5 मंदिर से लौटकर देने की बात कहकर दुकानदार को भरोसे में ले लिया। इसी दौरान जब दुकानदार अंदर सामान निकालने गया, तो बुजुर्ग ने मौका पाकर मूंगफली तेल का जार उठा लिया और चुपचाप वहां से निकल गया।
कुछ देर बाद जब दुकानदार की नजर पड़ी तो तेल का जार गायब था। शक होने पर जब CCTV फुटेज खंगाले गए, तो बुजुर्ग की पूरी करतूत सामने आ गई—वह आराम से जार लेकर निकलता दिखाई दिया।
परिवेश साहू के अनुसार, चोरी हुए मूंगफली तेल के जार की कीमत करीब ₹2950 है। घटना के बाद आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन आरोपी बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं लग सका।
इस घटना ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है—जिस उम्र में भजन-कीर्तन और आध्यात्म की ओर झुकाव होना चाहिए, उस उम्र में इस तरह की हरकत समाज के लिए एक चौंकाने वाला संदेश है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें