सागर/बीना। जिले के बीना में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। विरोध के दौरान एक युवक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने सड़क पर गिरे पेट्रोल में माचिस की तीली जला दी, जिससे अचानक आग भड़क उठी।
हालांकि राहत की बात यह रही कि युवक को समय रहते पुलिस ने सुरक्षित कर लिया, जिससे वह आग की चपेट में आने से बच गया। पुलिस और मौजूद लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
शराब दुकान हटाने को लेकर चल रहा था प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, बीना के छोटी बजरिया स्थित भीम वार्ड में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर लंबे समय से विरोध जारी है। इसी क्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी दुकान के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे।
इसी दौरान आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष निर्मल रैकवार ने आक्रोश में आकर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया।
पुलिस की तत्परता से बची जान
स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने बिना देरी किए युवक को तुरंत अपने वाहन में बैठा लिया। लेकिन तभी किसी असामाजिक तत्व ने सड़क पर गिरे पेट्रोल में आग लगा दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
जहां आग लगी, वहां बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदर्शन कर रही थीं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और हालात काबू में किए।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना के समय जीआरपी, आरपीएफ, बीना थाना और छोटी बजरिया चौकी का बल मौके पर मौजूद था। सभी ने मिलकर हालात को संभाला और किसी बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
विधायक ने दिया आश्वासन
क्षेत्रीय विधायक निर्मला सप्रे ने फोन पर वार्डवासियों से बात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने की अपील भी की।
ज्ञापन सौंपकर खत्म किया प्रदर्शन
पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं ने नायब तहसीलदार हेमराज मेहर को ज्ञापन सौंपा और धरना समाप्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि शराब दुकान हटाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिल रहा है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें