सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में उधार दिए गए लाखों रुपए वापस न मिलने से परेशान एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मृतक अपने पीछे पैसों के लेन-देन की डायरी छोड़ गया है, जिसमें कई लोगों के नाम और हिसाब दर्ज बताया जा रहा है।
धर्माश्री निवासी 45 वर्षीय कपिल तिवारी ने शनिवार रात अज्ञात जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे आदर्श तिवारी के मुताबिक, कपिल ने परिचित लोगों को करीब 15 से 20 लाख रुपए उधार दिए थे। इसी बीच उनके भाई का एक्सीडेंट हो गया, जिनका भोपाल में इलाज चल रहा है। इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी, लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद उधारी वापस नहीं मिली।
परिजनों का कहना है कि आर्थिक दबाव और लगातार बढ़ते तनाव के चलते कपिल परेशान रहने लगे थे। घटना से पहले वह एक डायरी में उधार लेने वालों के नाम और रकम का पूरा हिसाब लिखकर गए हैं। पुलिस ने डायरी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
मोतीनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें