सागर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत गठित जिला स्तरीय निर्माण समिति (DLCC) में बदौना निवासी धर्मेंद्र कुशवाहा को अशासकीय सदस्य बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नियुक्ति के बाद धर्मेंद्र कुशवाहा ने नरयावली विधायक प्रदीप लारिया एवं मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा 15 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार प्रभारी मंत्री की अनुशंसा पर धर्मेंद्र कुशवाहा को जिला स्तरीय निर्माण समिति में मनोनीत किया गया है। यह समिति कलेक्टर की अध्यक्षता में कार्य करती है और स्कूल भवनों, अतिरिक्त कक्ष, शौचालय, किचन-शेड, बाउंड्रीवॉल सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति एवं निगरानी करती है।
मनोनयन के बाद धर्मेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जिले के जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, विद्यार्थियों के लिए पेयजल व्यवस्था, नए कक्षों का निर्माण और स्कूलों की सुरक्षा हेतु बाउंड्रीवॉल बनवाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि वे समिति में जनता की आवाज बनकर काम करेंगे ताकि जिले का कोई भी स्कूल मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे।
धर्मेंद्र कुशवाहा ने कहा, “विधायक प्रदीप लारिया जी एवं माननीय उपमुख्यमंत्री जी के विश्वास के कारण मुझे यह जिम्मेदारी मिली है। मैं पूरी ईमानदारी और सक्रियता से शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का प्रयास करूंगा।”
क्षेत्र के लोगों ने उनके मनोनयन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जमीन से जुड़े व्यक्ति को जिम्मेदारी मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों के विकास को नई गति मिलेगी।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें