रहली। थाना क्षेत्र के ग्राम जामघाट में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों में आरोपी पिता और उसके नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे माता मारिया हॉस्पिटल के सामने मुख्य मार्ग पर यह वारदात हुई। फरियादी सोनू अहिरवार निवासी जामघाट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी दशरथ अहिरवार और उसके नाबालिग बेटे ने उसके भाई रमेश अहिरवार को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपी दशरथ ने अपने बेटे को रमेश को जान से मारने के लिए उकसाया। पिता के कहने पर नाबालिग ने कमर में छिपाकर रखा चाकू निकालकर रमेश के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रमेश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 316/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296(b), 118(1), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला कायम किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दशरथ अहिरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं अपचारी बालक को किशोर न्यायालय सागर में पेश किया गया है। मामले की जांच जारी है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें