सागर। 
जिला अधिवक्ता संघ, सागर द्वारा उपमुख्यमंत्री एवं केबिनेट स्वास्थ्य मंत्री मध्यप्रदेश शासन माननीय श्री राजेन्द्र शुक्ला जी के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन पूर्व केबिनेट मंत्री एवं खुरई विधायक माननीय श्री भूपेन्द्र सिंह जी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

जिला अधिवक्ता संघ के सचिव कुंवर बीरेन्द्र सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि संघ के समस्त पदाधिकारियों ने जिला न्यायालय परिसर, सागर में स्थायी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। सागर संभागीय मुख्यालय होने के कारण प्रतिदिन संभाग भर से हजारों की संख्या में न्यायालय परिसर में लोगों का आगमन होता है, जिनमें बच्चे, महिलाएं एवं वृद्धजन शामिल रहते हैं। साथ ही न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारीगण भी प्रतिदिन उपस्थित रहते हैं, जिन्हें आए दिन स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह कौरव ने न्यायालय परिसर में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में चिकित्सकीय सुविधा न होना अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने शीघ्र चिकित्सक की स्थायी नियुक्ति एवं प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में न्यायालय परिसर में किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों को कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ता है तथा किसी भी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए माननीय महोदय ने जिला न्यायालय परिसर, सागर में अतिशीघ्र स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह कौरव, सचिव कुंवर बीरेन्द्र सिंह राजपूत, पुस्तकालयाध्यक्ष योगेन्द्र स्वामी, कोषाध्यक्ष आलोक प्यासी, सहसचिव मनोज कुमार सेन, कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती अनीता राजपूत, अंशित बलैया, दीपक शर्मा, पंकज (कुलभूषण) त्रिवेदी, श्यामसुन्दर सेन सहित संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता वीनू राणा, भूपेन्द्र राठौर, दुष्यंत मिश्रा, दीपक चौकसे, दिनेश चिरचारिया, ब्रजेश तिवारी, ब्रह्मदत्त पाण्डे, मनीष जैन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES