सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों के सपनों को साकार करेगा : गोविंद सिंह राजपूत
सागर।
जहां शिक्षा का प्रकाश फैलता है, वहीं से विकास का मार्ग निकलता है। सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने का केंद्र बनेगा और राहतगढ़ का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करेगा। यह बात खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। वे यहां 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण तथा सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जहां राहतगढ़ क्षेत्र के विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय का नाम उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम के नाम पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा रखा गया है, जहां भगवान श्रीकृष्ण एवं बलराम ने शिक्षा प्राप्त की थी।
उन्होंने कहा कि विद्या सबसे बड़ा धन है, जिसे कोई चुरा नहीं सकता। जितना बांटा जाए, उतना बढ़ता है। शिक्षा के विकास से ही समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। मंत्री श्री राजपूत ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि पहले चॉक-डस्टर और टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई होती थी, जबकि अब स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षा सरल और रोचक हो गई है। उन्होंने घोषणा की कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के सभी मिडिल एवं हाई स्कूलों में स्मार्ट क्लास स्थापित की जाएंगी। साथ ही शासन द्वारा सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों के आवागमन हेतु बस सुविधा भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री श्री राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया, स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नियमित रूप से बालक-शिक्षक संघ की बैठकों में भाग लेकर अपने बच्चों की प्रगति की जानकारी लें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लिए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत विकास के पर्याय बन चुके हैं। क्षेत्र में हर ओर विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मडिया डैम के माध्यम से सिंचाई सुविधा के साथ शुद्ध पेयजल भी उपलब्ध होगा तथा प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं पेयजल के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
सांदीपनि विद्यालय सहित 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री राजपूत ने 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें राहतगढ़ प्राथमिक शाला का उन्नयन माध्यमिक शाला में किया जाना, हाईस्कूल बटयावदा भवन, परासरीकलां, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राहतगढ़, मसुरहाई, झिला, पीपरा एवं मीरखेड़ा शाला भवन निर्माण सहित विभिन्न विद्यालयों में प्रयोगशालाओं के निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त बसेनी घाट स्थित प्राचीन शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण, वाटरफॉल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना, सिविल अस्पताल भवन, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, फोर्स ट्रेवलर एंबुलेंस, इंडोर स्टेडियम, अनुविभागीय राजस्व भवन, सामुदायिक भवन, कॉलेज में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, बस स्टैंड पुनर्घनीकरण योजना, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पार्किंग, पुल निर्माण, छात्रावास, प्रशिक्षण भवन, ओपन जिम, बांध निर्माण, पार्क निर्माण तथा संजीवनी क्लिनिक जैसे कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
मंत्री श्री राजपूत ने राहतगढ़, झिला, सीहोरा, खैजरामाफी, परासरीकलां, भैंसा भीष्मनगर, बिचपुरी, चंद्रापुर, बटयावदा एवं मीरखेड़ी में 2-2 स्मार्ट क्लास स्थापित करने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंत्री श्री राजपूत ने रिमोट कंट्रोल का बटन दबाकर सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया तथा विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण भी किया।
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें