सागर पुलिस का सीसीटीवी कंट्रोल रूम न केवल तकनीकी संसाधनों के माध्यम से निगरानी करता है, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आम नागरिकों की सहायता में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। नोडल अधिकारी सीसीटीवी जिला सागर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में कंट्रोल रूम टीम लगातार नागरिकों की मदद कर पुलिस की सकारात्मक और भरोसेमंद छवि प्रस्तुत कर रही है।
इसी क्रम में 03 फरवरी 2026 को ग्राम देवलचौरी, थाना जैसीनगर निवासी श्री हरिओम तिवारी सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचे। उन्होंने उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान को बताया कि उनकी बहन मोतीनगर से बस स्टैंड तक ऑटो से आई थीं, लेकिन उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में कपड़े एवं आवश्यक कीमती सामान रखा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी कंट्रोल रूम टीम ने तत्काल कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की गई, जिसकी जिम्मेदारी ऑपरेटर रेखा रजक को सौंपी गई। जांच में पाया गया कि संबंधित ऑटो पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था और शहर में समान प्रकार के कई ऑटो होने के कारण केवल फुटेज के आधार पर पहचान संभव नहीं हो सकी।
इसके बावजूद टीम ने इसे केवल औपचारिक ड्यूटी तक सीमित न रखते हुए अतिरिक्त प्रयास करने का निर्णय लिया। उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान एवं चीता-05 मोतीनगर में पदस्थ आरक्षक बद्री सिंह द्वारा एक नई रणनीति अपनाई गई। शहर की विभिन्न ऑटो एजेंसियों से संपर्क कर उन ऑटो चालकों की जानकारी जुटाई गई, जिनके वाहन अभी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में थे। इस दौरान करीब 15 ऑटो मालिकों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए गए।
लगातार संपर्क और पूछताछ के बाद उस ऑटो चालक की पहचान कर ली गई, जिसमें बैग छूटा था। चालक को सीसीटीवी कंट्रोल रूम बुलाया गया, जहां से बैग को सुरक्षित अवस्था में बरामद किया गया।
आज सीसीटीवी कंट्रोल रूम सागर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में श्री हरिओम तिवारी को उनका बैग सुपुर्द किया गया। बैग में रखा सारा सामान सुरक्षित पाया गया। बैग प्राप्त होने पर श्री तिवारी ने सागर पुलिस एवं सीसीटीवी टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संबंधित ऑटो चालक को सख्त निर्देश दिए गए कि भविष्य में यदि किसी यात्री का सामान वाहन में छूट जाए तो उसे तत्काल नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम में जमा कराए।
सराहनीय भूमिका
इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान, सीसीटीवी ऑपरेटर रेखा रजक, आरक्षक बद्री सिंह (चीता-05 मोतीनगर) एवं संपूर्ण सीसीटीवी कंट्रोल रूम टीम की भूमिका प्रशंसनीय रही। उनकी लगन, धैर्य और तकनीकी दक्षता के कारण एक आम नागरिक को समय पर राहत मिल सकी।
सागर पुलिस आमजन की सहायता, सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES