मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेशभर में कार्रवाई तेज, गैस एजेंसियों पर निगरानी बढ़ी
सागर,।
मध्यप्रदेश में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई की है। राज्य के अलग-अलग जिलों में 1025 स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर कुल 1357 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जबकि 8 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है।
प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए राज्य स्तर पर 6 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, पीएनजी और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर ऑयल कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने अधिकारियों को प्रतिदिन समीक्षा कर गैस वितरण व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण Rashmi Arun Shami ने अधिकारियों को उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पैनिक बुकिंग से बचने की अपील
Ministry of Petroleum and Natural Gas ने भी नागरिकों से पैनिक बुकिंग नहीं करने की अपील की है। मंत्रालय की एडवाइजरी में उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी पर जाकर बुकिंग करने के बजाय मोबाइल ऐप, एसएमएस, व्हाट्सएप और आईवीआरएस कॉल जैसे डिजिटल माध्यमों से बुकिंग करने की सलाह दी गई है।
मंत्रालय के अनुसार देश में घरेलू गैस के उत्पादन में करीब 31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। साथ ही स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से एलपीजी के दो जहाज भारत के लिए रवाना हो चुके हैं, जो 16-17 मार्च तक कांडला और मुंद्रा पोर्ट पर पहुंचने की संभावना है।
कलेक्टरों को सख्त निर्देश
प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि गैस एजेंसियों के संचालन, सिलेंडर वितरण और उपभोक्ताओं की शिकायतों की लगातार समीक्षा की जाए। यदि कहीं वितरण में अनियमितता या देरी की शिकायत मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए।
अफवाहों से बचने की अपील
ऑयल कंपनियों के स्टेट नोडल ऑफिसर अजय श्रीवास्तव के अनुसार प्रदेश में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और 11 बॉटलिंग प्लांट व वितरकों के गोदामों में पर्याप्त भंडार मौजूद है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि अंतिम रिफिल के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग कराएं और अफवाहों से भ्रमित न हों।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन
एलपीजी से संबंधित शिकायत या सुझाव के लिए उपभोक्ता इन टोल-फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
भारत गैस: 1800-22-4344
इंडेन गैस: 1800-2333-555
एचपी गैस: 1800-2333-555


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें